दहेज की लालच में ससुराल वालों ने की बहू की निर्मम हत्या, जलाने के बाद लाश को टुकड़े कर दफनाया

7/22/2021 1:33:11 PM

पटनाः बिहार के नालंदा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ससुराल वालों ने दहेज की लालच में बहू की हत्या कर उसे जला दिया। इतना ही नहीं, जलाने के बाद शव के टुकड़े कर जमीन में दफना दिया गया। वहीं सूचना मिलने पर मायके वालों ने जमीन खोदकर शव के टुकड़े निकाले।

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के नोनिया बिगहा की है। मृतका के पिता अरविंद कुमार ने बताया कि पिछले साल जून में उनकी बेटी की काजल कुमारी की शादी संजीत कुमार से हुई थी। तब दामाद रेलवे में पियन था। वहीं टीटीई में प्रमोशन होने के बाद वह 6 लाख रुपए की मांग करने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर पति व ससुराल वालों ने मिलकर उनकी बेटी की निर्मम हत्या कर दी।

पटना जिले के सालिमपुर थाना क्षेत्र के बिहटा निवासी पिता ने पति समेत सात लोगों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष श्याम किशोर सिंह का कहना है कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। वहीं मृतका के भाई बंटी कुमार ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केस दर्ज कर पुलिस चैन की नींद सो गई। ग्रामीणों की निशानदेही पर परिवार ने भूमि खोदकर शव के टुकड़े निकाले।

Content Writer

Ramanjot