​बिहार में अपराधियों का तांडव जारी, जलेबी लाने गए पैक्स अध्यक्ष को सिर में मारी गोली; इलाके में मचा हड़कंप

Friday, Aug 16, 2024-12:53 PM (IST)

पटनाः बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद है। वह आए-दिन हत्या, लूटपाट जैसी बड़ी-बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले से सामने आया है, जहां पर बदमाशों ने गुरुवार को पैक्स अध्यक्ष को गोली मारकर जख्मी कर दिया। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है।

जलेबी लाने गए थे बाजार
जानकारी के मुताबिक, मामला साहेबगंज थाना क्षेत्र के हलिमपुर पंचायत के ईशा छपरा चौक का है। घायल की पहचान साहेबगंज थाना क्षेत्र के हलीम पंचायत के पैक्स अध्यक्ष लखिन्द्र पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को पैक्स अध्यक्ष लखींद्र पटेल झंडोत्तोलन के लिए जलेबी लाने बाजार गए थे। वे दुकान पर खड़े ही थे कि तभी 6 अपराधी बाइक से आए और उन पर गोली चला दी। गोली लखींद्र के सिर में लगी है। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें एसकेएमसीएच रेफर कर दिया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है।

'जल्द ही अपराधियों को किया जाएगा गिरफ्तार'
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना के पीछे की वजह राजनीतिक रंजिश की बात सामने आई है। इस मामले में साहेबगंज थाना प्रभारी सिकंदर कुमार ने बताया कि पैक्स अध्यक्ष को बाइक सवार अपराधियों द्वारा गोली मारकर घायल कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static