"2025 में एक-एक सीट के लिए तरस जाएगा विपक्षी गठबंधन", JDU ने कहा- मोदी-नीतीश की जोड़ी के प्रति जनता में जबरदस्त उत्साह

Wednesday, Feb 05, 2025-06:40 PM (IST)

पटना: बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सम्मेलन के दौरान राजग कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास, उल्लास और शानदार उपस्थिति देखकर पूर्ण विश्वास हो चुका है कि 2025 में विपक्षी गठबंधन एक-एक सीट के लिए तरस जाएगा। जदयू प्रदेश कार्यालय में बुधवार को राजग घटक दलों की संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

'2025 में विपक्षी गठबंधन एक-एक सीट के लिए तरस जाएगा'
इस अवसर पर जदयू अध्यक्ष कुशवाहा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम)के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष राजू तिवारी एवं राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने पत्रकारों को संबोधित कर चतुर्थ चरण में आगामी 15 फरवरी से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले राजग कार्यकर्ता सम्मेलन की जानकारी साझा की। इस मौके पर उमेश कुशवाहा ने कहा कि अब तक दो चरणों में हुए राजग सम्मेलन के दौरान तमाम राजग कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास, उल्लास और शानदार उपस्थिति देखकर हमें पूर्ण विश्वास हो चुका है कि 2025 में विपक्षी गठबंधन एक-एक सीट के लिए तरस जाएगा। मोदी-नीतीश की बेजोड़ और बेमिसाल जोड़ी के प्रति आम-जनता में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सत्य के उपासक थे और उनकी कर्मभूमि से राजग कार्यकर्ता सम्मेलन का आगाज इसी संकल्प के साथ हुआ है कि झूठ फैलाने वाली ताकतों का मंसूबा ध्वस्त करना है। ‘2025 में 225 और फिर से नीतीश' के मिशन को आम जनता का भरपूर समर्थन प्राप्त हो रहा है।  

'राजग कार्यकर्ता सम्मेलन को उम्मीद से अधिक सफलता मिल रही'
डॉ. जायसवाल ने कहा कि राजग कार्यकर्ता सम्मेलन को उम्मीद से अधिक सफलता मिल रही है। कड़ाके की ठंड में कार्यक्रम शुरु हुआ था, लेकिन अब धीरे-धीरे मौसम और माहौल में गर्मी बढ़ने लगा है। राजग के कार्यकर्तागण भगवान सूर्य से ऊर्जा प्राप्त कर चट्टानी एकता के साथ लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़े रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का अभूतपूर्व विकास हो रहा है और आने वाले दिनों में विकसित बिहार का स्वरूप सबसे अलग होगा। राज्य कैबिनेट की बैठक में एक साथ 136 विकास योजनाओं की स्वीकृति अपने आप में ऐतिहासिक कदम है।      


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static