श्रीरामचरित मानस के खिलाफ बोलने वाले अनपढ़-गंवार, ऐसे लोगों के खिलाफ हो कार्रवाईः महेश्वर सिंह

1/24/2023 10:14:38 AM

पटनाः बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधान परिषद सदस्य महेश्वर सिंह ने श्रीरामचरित मानस पर शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर की टिप्पणी को लेकर मचे घमासान के बीच सोमवार को मानस के खिलाफ बोलने वाले को अनपढ़ और गंवार करार दिया।

महेश्वर सिंह ने सोमवार को यहां आयोजित महाराणा प्रताप स्मृति समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘श्रीरामचरित मानस के खिलाफ बोलने वाले अनपढ़-गंवार हैं। हमलोग सबको साथ लेकर चलने वाले लोग हैं। हम लोग जात-पात नहीं मानते हैं। नहीं तो भगवान राम शबरी के जूठे बेर नहीं खाते।'' उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि शिक्षा मंत्री ने हाल ही में नालंदा खुला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में अपने संबोधन में मनु स्मृति और श्रीरामचरित मानस को नफरत फैलाने वाला ग्रंथ बताया था। उनके इस बयान को बाद राजनीतिक गलियारे में घमासान मच गया।

Content Writer

Ramanjot