CM नीतीश बोले- विपक्षी दल एकजुट होगा तो 2024 के चुनाव में 100 सीटों से नीचे होगी BJP

2/18/2023 4:16:16 PM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाकपा-माले द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कन्वेंशन में शामिल हुए। इस दौरान नीतीश कुमार ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं से आग्रह करते हुए कहा कि वह सभी विपक्षी दलों को एकजुट करें। हम सभी एकजुट होंगे तो 2024 के चुनाव में हमें सफलता मिलेगी और भाजपा 100 सीटों से भी नीचे चले जाएंगी। जो नई सरकार बनेगी वो देशहित में बेहतर काम करेगी। 

"हम इंतज़ार कर रहे हैं आप जल्दी फैसला लें: CM
सीएम नीतीश ने कहा कि अपने संबोधन में कहा कि हम इंतज़ार कर रहे हैं बस आप लोग (कांग्रेस) जल्दी फैसला लें। अगर मेरा सुझाव मानें और भाजपा 100 से नीचे जाएगी, लेकिन अगर मेरा सुझाव नहीं मानेंगे तो क्या होगा वो आप जानिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब आगे का फैसला करना चाहिए। कांग्रेस विपक्षी नेताओं को बुलाए और तय कर ले कहां से किसके साथ चुनाव लड़ना है। उन्होंने आगे कहा कि 2024 में सभी विपक्षी दल एकजुट होकर लड़ेंगे तभी बीजेपी का सफाया होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि हम सबको मिल जुलकर काम करना है। समाज में एकजुटता रखनी है। देश को और आगे ले जाना है। विपक्षी एकता जरुरी है। हमारी इसमें व्यक्तिगत कोई इच्छा नहीं है। सिर्फ हम चाहते हैं कि सभी एकजुट होकर रहें। देश आगे बढ़े। जब तक हम हैं आपलोगों का पूरा सहयोग करते रहेंगे।

अगर आप भाजपा के साथ है तो आप हरिश्चंद्र कहलाएंगेः तेजस्वी 
वहीं इस दौरान उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधाते हुए कहा कि आज देश की परिस्थिति ऐसी हो गई हैै कि बीजेपी के खिलाफ बोलने पर आप पर छापे मारे जाएंगे, जेल भेजा जाएगा और छवि को बिगाड़ा जाएगा। अगर आप भाजपा के पक्ष में होंगे तो आप हरिश्चंद्र कहलाएंगे। भाजपा के साथ रहने पर आप पर कितना भी दाग लगा होगा वाशिंग मशीन के अंदर साफ कर दिया जाएगा। 

Content Editor

Swati Sharma