तिरंगे का अपमान कराने वालों के साथ नहीं है बिहार, पूरी तरह से फ्लॉप होगी मानव श्रृंखलाः सुशील

1/30/2021 10:04:23 AM

पटनाः बिहार में विपक्षी महागठबंधन किसान आंदोलन के समर्थन और कृषि कानूनों के विरोध में आज मानव श्रृंखला बनाने जा रहा है। इसे लेकर पर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ये श्रृंखला पूरी तरह से फ्लॉप होगी।

भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि नए कृषि कानून के विरुद्ध किसानों को गुमराह कर जिन लोगों ने दिल्ली को दो महीने तक घेरे रखा, करोडों लोगों को आर्थिक चोट पहुंचाई और गणतंत्र दिवस पर हिंसा-तोडफोड करते हुए तिरंगे का अपमान किया, उन्हें अब देश के गुस्से का शिकार होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत-विरोधी एजेंडा चलाने वाले बिचौलियों-खालिस्तानियों का साथ देकर कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और वामदल पूरी तरह बेनकाब हो चुके हैं। ये लोग बिहार में गणतंत्र के शत्रुओं का दुस्साहस बढ़ाने के लिए जो मानव श्रृंखला बनाने वाले हैं, उसकी कड़ियां बनने से पहले बिखर जाएंगी।

भाजपा नेता ने कहा कि बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने वर्ष 2006 में किसानों को मंडी में फसल बेचने की बाध्यता से मुक्ति दिलाई, कृषि रोड मैप लागू किया, पहली बार किसान महापंचायत बुलाकर विशेषज्ञों की राय ली, कृषि उपकरणों की खरीद पर सब्सिडी दी और 2018 में हर गांव तक बिजली पहुंचाकर डीजल पम्प से सिंचाई का बोझ खत्म किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने यूरिया की कालाबाजारी बंद करने के लिए नीम लेपित यूरिया उपलब्ध कराया, किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य पर काम किया और सालाना छह हजार रुपए किसानों के खाते में डालने की शुरुआत की। मोदी ने कहा कि जिन लोगों ने अपने 15 साल के राज में किसानों के लिए कुछ नहीं किया, वे किसानों के हमदर्द बनने के लिए मानव श्रृंखला बनाने के बहाने सड़क पर उत्पात करना चाहते हैं।

Ramanjot