नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, जमुई से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद

7/20/2021 4:04:31 PM

जमुईः बिहार में जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के हरणी पंचायत के केरवातरी जंगल से सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

थानाध्यक्ष सिद्धेश्वर पासवान ने सोमवार को बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सली पिंटू राणा एवं करुणा दी का दस्ता केरवातरी के जंगली इलाकों में जमा हुआ है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश रची जा रही है। इसके बाद स्थानीय पुलिस और सशस्त्र सीमा बल के 16वीं वाहिनी जन्म स्थान कैंप के जवानों द्वारा जंगल में सर्च अभियान चलाया गया।

पासवान ने बताया कि सर्च अभियान के दौरान दो प्लास्टिक के डिब्बे से 40-40 किलोग्राम के विस्फोटक सामग्री बरामद किया गया। पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलने के बाद नक्सली जंगलों में छिप गए। सर्च अभियान टीम में मार्कंडेय पांडे, लोकेश त्रिपाठी, सुनील यादव, विजय कुमार सहित कई जवान शामिल थे।

Content Writer

Ramanjot