भीषण सड़क हादसे में HPCL अधिकारी की मौत, पत्नी व सास की हालत गंभीर; परिजनों में मचा कोहराम
Thursday, Mar 26, 2026-12:04 PM (IST)
Nalanda Road Accident: बिहार के नालंदा जिले में रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। बिहटा-सरमेरा टू-लेन मार्ग पर सरमेरा थाना अंतर्गत मलावां गांव के समीप एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में बेगूसराय में कार्यरत एचपीसीएल (HPCL) के सेल्स ऑफिसर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और सास गंभीर रूप से घायल हैं।
तीखे मोड़ पर ओवरटेक बनी काल
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान चंडी प्रखंड के सिकरिया गांव निवासी ललन प्रसाद सिंह के पुत्र सुमित कुमार (36 वर्ष) के रूप में हुई है। सुमित अपनी बीमार सास विभा देवी को छोड़ने के लिए पत्नी आस्था कुमारी के साथ बख्तियारपुर से शेखपुरा जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार मलावां गांव के पास एक तीखे मोड़ पर पहुंची, किसी अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में सुमित ने नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और सुमित ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- पूर्व पार्षद के बेटे पर जानलेवा हमला, गाड़ी की अगली सीट को लेकर खूनी संघर्ष; इलाके में दहशत
परिवार में कोहराम, घायलों की स्थिति नाजुक
सुमित कुमार बेगूसराय में सेल्स ऑफिसर के पद पर तैनात थे और सपरिवार वहीं रहते थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
सरमेरा थानाध्यक्ष सकेंद्र कुमार बिंद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल पत्नी और सास को कार से बाहर निकाला और तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) सरमेरा पहुंचाया। दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

