गोपालगंज में होटल संचालक की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने किया हंगामा

1/7/2021 1:30:54 PM

गोपालगंजः बिहार में अपराधियों ने आतंक मचा रखा है। बेखौफ अपराधी पुलिस को चुनौती देते हुए बड़ी-बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला गोपालगंज का है, जहां अपराधियों ने एक होटल संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के नगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि बंजारी मोड़ के पास मंगलवार देर रात अपराधियो ने होटल के संचालक अमित कुमार उर्फ छोटू पाल को गोली मार दी। घटना के बाद परिजन उसे गोपालगंज सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लेकिन, वारदात से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 28 को जाम कर शव के साथ प्रदर्शन किया।

सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार पाल और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नरेश पासवान पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद लोगो को शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल ले जाया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि यह हत्या है या सड़क दुर्घटना इसका पता पोस्मॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस कार्रवाई कर रही है।

वहीं, जिला परिषद सदस्य सुभाष सिंह ने कहा कि मृतक व्यवसायी है। इस समय कोई व्यवसायी सुरक्षित नहीं है। गोपालगंज जिले में अपराध बढ़ गया है और प्रशासन को इसे नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई करनी चाहिए। गौरतलब है कि जिले में नगर थाना क्षेत्र के एकडेरवा गंव के निकट मंगलवार को अपराधियों ने होमगार्ड जवान भोला सिंह की गोली मार हत्या कर दी थी। वहीं मीरगंज में एक होटल संचालक शक्ति सिंह को अपराधियो ने गोली मार घायल कर दिया था।

Ramanjot