नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, ड्यूटी से घर लौट रहे होमगार्ड जवान की मौत; 3 मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
Sunday, Apr 12, 2026-10:19 AM (IST)
Road Accident: बिहार में सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की देर रात रंगनिया गांव के समीप राष्ट्रीय उच्चपथ संख्या 107 पर ऑटो रिक्शा ने बाइक में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई।
सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान भवेश कुमार जादव के रूप में की गई है। वह सहरसा जिले के सोनबरसा कचहरी थाना में होमगार्ड के रूप में तैनात था। वह ड्यूटी समाप्त करके बाइक से अपने घर नैनपुर लौट रहा था। पोस्टमॉर्टम कराए जाने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है।
भावेश कुमार के परिवार में पत्नी के अलावा तीन छोटे बच्चे हैं। पिता की असामयिक मौत से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस महकमे में भी शोक की लहर है।

