होली का जश्न मातम में तब्दील, होली खेलने के बाद गंगा नदी में नहाने गए 2 युवकों की डूबने से मौत, मचा कोहराम

3/26/2024 6:40:51 PM

बक्सर: बिहार के बक्सर जिले में होली खेलने के बाद गंगा नदी में नहाने गए 2 युवक डूब गए। स्थानीय गोताखोरों ने दोनों युवकों का शव गंगा नदी से कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया है। वहीं, इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र के उमरपुर गंगा घाट की है। मृतकों की पहचान औद्योगिक थाना क्षेत्र के मंझरिया गांव निवासी बीरा राम के पुत्र सुजीत कुमार (19) और दिग्विजय कुमार के पुत्र राहुल कुमार (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि होली खेलकर दोनों युवक अपने अन्य साथियों के साथ उमरपुर गंगा घाट पर स्नान करने गए थे। इसी दौरान दोनों युवकों का पैर अचानक फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। साथ मौजूद दोस्तों ने दोनों को निकालने का प्रयास किया, पर असफल रहे। इसके बाद युवकों ने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही आनन फानन में स्थानीय गोताखोरों के साथ ग्रामीण गंगा घाट पहुंचे जहां स्थानीय गोताखोरों ने दोनों युवकों का शव गंगा नदी से कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया है।

वहीं, शव बरामद होते ही पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, सुजीत कुमार किसी दूसरे गांव का रहने वाला है, जो अपने ननिहाल मंझरिया में रहता था। 

Content Editor

Swati Sharma