अब उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की होगी तीन अतिरिक्त जांचः स्वास्थ्य मंत्री

2/6/2022 8:31:24 PM

पटनाः बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने आज बताया कि राज्य में मातृत्व मृत्यु दर में कमी लाने के लिए अब उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की तीन अतिरिक्त जांच की जाएगी।

मंगल पांडेय ने रविवार को बताया कि राज्य में मातृत्व-मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) चलाया जाएगा। अब उच्च जोखिम वाली प्रसूती महिलाओं को स्वास्थ्य विभाग पहले के मुकाबले और अधिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए प्रसव के पूर्व और बाद में जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य की लगातार देखरेख करने के लिए आशा की कार्यकर्ता को लगाया जाएगा। आशा मॉनिटरिंग कर ऐसी महिलाओं को इलाज में अधिक सहयोग प्रदान करेगी। इस वर्ष 09 फरवरी से नई योजना को और प्रभावी बनाया जा रहा है।

Koo App
राज्य में मातृत्व-मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बिहार में गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए प्रसव के पूर्व और बाद में जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य की लगातार देख रेख के लिए आशा कार्यकर्ता को लगाया जायेगा। आशा कार्यकर्ता मॉनिटरिंग कर ऐसी महिलाओं को इलाज में अधिक सहयोग प्रदान करेगी।
- Mangal Pandey (@mangalpandeybjp) 6 Feb 2022

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अब ऐसी उच्च जोखिम वाली प्रसूता की पहचान होने के बाद आशा कार्यकर्ता को इन गर्भवती महिलाओं को निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों पर अतिरिक्त तीन विजिट करवाना आवश्यक होगा। इसके लिए प्रति विजिट पर मरीज और आशा को 100-100 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा आशा कार्यकर्ता प्रसव के बाद 45वें दिन उनके घर जाकर यह सुनिश्चित करेंगी कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। इसके बाद आशा को 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि विभाग की ओर से दी जाएगी।

मंगल पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार के नए दिशा-निर्देश के अनुसार राज्य में भी इसे 09 फरवरी से लागू कर दिया जाएगा। उसके बाद प्रसव पूर्व जांच एवं इलाज में विशेषज्ञ चिकित्सकों के सहयोग से मरीजों को इलाज के दौरान पूरी मदद मिलेगी। उचित चिकित्सीय देखभाल से मातृ-मृत्यु दर में भी कमी लाने का विभाग का प्रयास निरंतर जारी है। विभाग इस दिशा में आशा को प्रोत्साहित कर जन-जागरुकता लाने का प्रयास कर रहा है।

Content Writer

Ramanjot