विधान परिषद चुनावः मांझी की पार्टी ''हम'' ने 2 सीटों की मांग कर बढ़ाई राजनीतिक सरगर्मी

1/13/2022 10:41:09 AM

पटनाः बिहार में विधान परिषद के स्थानीय निकाय कोटे से चौबीस सीटों पर होने वाले चुनाव में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने सीटों की मांग कर एक बार फिर से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।

हम के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी विधान परिषद के स्थानीय निकाय कोटे से होने वाले चुनाव में दो सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारेगी। राजग के भीतर हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने एक बार फिर से बड़ी मांग कर दी है। चार विधायकों वाली मांझी की पार्टी ‘हम' ने 24 में दो सीटों की नई मांग रखी है। पिछले विधानसभा चुनाव में सीटों को तालमेल के तहत मांझी की पार्टी को भले ही 243 में महज सात सीटें मिली हो लेकिन विधान परिषद की 24 में दो सीट चाहिए।

हालांकि इसके पहले भी मांझी ने राज्यपाल कोटे से विधान परिषद के लिए मनोनयन वाली 12 सीटों पर अपनी पार्टी की मांग रखी थी। लेकिन, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने उसे सिरे से खारिज कर दिया था। एक बार फिर से मांझी ने नया दांव खेला है और 24 सीटों में से दो पर अपनी दावेदारी पेश की है। हालांकि इनकी दावेदारी पर भाजपा और जदयू कितना विचार करेगी पूर्व के वाकयों से ही साफ हो रहा है। बुधवार को हम के प्रमुख जीतन राम मांझी की तरफ से नई शर्त रखी गई है।

Content Writer

Ramanjot