CM के गृह जिले में डकैती...शोरूम मालिक व पत्नी को बंधक बनाकर बदमाशों ने लूटी 5 लाख की संपत्ति

7/16/2021 2:31:44 PM

नालंदाः बिहार में अपराधियों ने आतंक मचा रखा है। आए दिन बेखौफ अपराधी बड़ी-बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला मुख्यमंत्री के गृह जिले नालंदा का है, जहां आधा दर्जन डकैतों ने गुरुवार देर रात बाइक शोरूम मालिक के घर में घुसकर डकैती की। उन्होंने शोरूम मालिक एवं उसकी पत्नी को बंधक बनाकर 5 लाख रुपए की संपत्ति लूट ली।

जानकारी के अनुसार, घटना नालंदा जिले के प्रखंड हरनौत की है। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात 2:30 बजे आधा दर्जन हथियारबंद अपराधी शोरूम मालिक के घर में घुस गए। इस दौरान उन्होंने शोरूम मालिक के साथ मारपीट की और फिर पति-पत्नी को बंधक बना लिया। इसके बाद सोने-चांदी के जेवरात समेत 5 लाख रुपए की संपत्ति लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित मुकेश कुमार ने बताया कि उन्होंने घटना की सूचना देने के लिए हरनौत पुलिस को फोन किया, लेकिन उनका नंबर नहीं लगा। इसके बाद डॉयल-100 पर कॉल किया गया तो पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पीड़ित ने 1.75 लाख रुपए कैश व लगभग 40 ग्राम सोना की लूट का आवेदन दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और डकैतों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Content Writer

Ramanjot