'जिस शिक्षा मंत्री के कारण बिहार को होना पड़ रहा है बार- बार शर्मसार, उन्हें बर्खास्त करे सरकार': सुशील मोदी

Saturday, Apr 08, 2023-10:06 AM (IST)

पटना: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने 2 पदों का वेतन लेने वाले शिक्षा मंत्री डॉ. चंद्रशेखर को बर्खास्त करने की मांग की है।

"बर्खास्त कर उनसे अब तक के किसी एक वेतन की वसूल की जानी चाहिए राशि"
मोदी ने बीते शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के दबाव में ऐसा शिक्षा मंत्री बनाया है जो व्यक्तिगत ईमानदारी और लोकलाज को ताक पर रख कर वर्षों से शिक्षक और मंत्री, दोनों पदों का वेतन उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के कारण बिहार को बार- बार शर्मसार होना पड़ रहा है, उन्हें अविलम्ब बर्खास्त कर उनसे अब तक के किसी एक वेतन की राशि वसूल की जानी चाहिए।

"यही डाॅ. चंद्रशेखर थे, जिनके सूटकेस से बरामद हुआ था कारतूस"
भाजपा सांसद ने कहा कि डाॅ. चंद्रशेखर औरंगाबाद के जिस कॉलेज में शिक्षक के नाते वेतन ले रहे हैं, वहां 15 साल से पढ़ाने भी नहीं गए। उन्होंने कहा कि यही डाॅ. चंद्रशेखर थे जिनके सूटकेस से दिल्ली हवाई अड्डे पर कारतूस बरामद हुआ था। ऐसे हथियार- शौकीन व्यक्ति को शिक्षा मंत्री बनाए रख कर नीतीश कुमार छात्रों को क्या संदेश देना चाहते हैं। क्या इससे बिहार का अपमान नहीं हो रहा है।

"शिक्षा मंत्री भगवान बुद्ध व भगवान महावीर को न पहचान पाए तो इससे दुखद क्या होगा"
मोदी ने कहा कि सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री के पैर छूने वाले इसी शिक्षा मंत्री ने एक दीक्षांत समारोह में लोकप्रिय धर्मग्रंथ श्री रामचरित मानस पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इस बार महावीर जयंती पर शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने भगवान बुद्ध की तस्वीर पोस्ट कर जैनियों को बधाई दी है। शिक्षा मंत्री अगर भगवान बुद्ध और भगवान महावीर को न पहचान पाए तो इससे ज्यादा दुखद क्या होगा। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static