Gold Price Today: सोना फिर से ₹1.50 लाख के करीब पहुंचा,जानिये अपने शहर का लेटेस्ट रेट

Thursday, Mar 26, 2026-04:39 PM (IST)

Gold Price Today: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान के खिलाफ इजराइल-अमेरिका की सैन्य गतिविधियों का असर अब सीधे भारतीय सर्राफा बाजार पर दिखने लगा है। गुरुवार, 26 मार्च 2026 को सोने की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है। बिहार के बाजारों में भी इसका सीधा असर पड़ा है और पटना समेत कई शहरों में सोना महंगा हो गया है। खास बात यह है कि आज राम नवमी के कारण बाजार बंद रहने से सुबह तय हुए रेट ही पूरे दिन लागू रहेंगे।

दिल्ली सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोना करीब 4,900 रुपये की तेजी के साथ 1,49,700 रुपये प्रति 10 ग्राम (टैक्स सहित) तक पहुंच गया है। वहीं मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी सोने के वायदा भाव में जबरदस्त उछाल देखने को मिला और यह करीब 3.73% बढ़कर 1,44,100 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर ट्रेड करता नजर आया। इससे साफ है कि वैश्विक तनाव का असर घरेलू बाजार पर तेजी से पड़ रहा है।

अगर बिहार की बात करें तो पटना के सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोना लगभग 1,46,720 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है, जबकि 22 कैरेट सोना 1,34,500 रुपये और 18 कैरेट सोना करीब 1,10,060 रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है। गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और दरभंगा जैसे शहरों में भी कीमतों में मामूली अंतर के साथ यही ट्रेंड देखने को मिल रहा है, जिससे साफ है कि पूरे राज्य में सोने की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं।

इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार सुबह 24 कैरेट सोने का भाव 1,46,205 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। इसके अलावा 23 कैरेट सोना 1,45,620 रुपये, 22 कैरेट 1,33,924 रुपये, 18 कैरेट 1,09,654 रुपये और 14 कैरेट सोना 85,530 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर रहा। ये कीमतें देशभर के औसत रेट को दर्शाती हैं, जिनमें स्थानीय टैक्स और मेकिंग चार्ज जोड़ने पर अलग-अलग शहरों में थोड़ा फर्क आ सकता है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो हाजिर सोना 4,556 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंच गया है, जो यह दिखाता है कि निवेशक अस्थिर माहौल में सोने को सुरक्षित विकल्प के तौर पर चुन रहे हैं। यही वजह है कि पिछले कारोबारी दिन भी सोने में करीब 2 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई थी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

SHUKDEV PRASAD

Related News

static