कोरोना काल में बिहार चुनावः 46 लाख मास्क, 6 लाख PPE किट, 7 लाख सैनिटाइजर की व्यवस्था

9/26/2020 1:03:19 PM

नई दिल्ली/पटनाः मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने शुक्रवार को कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में सात लाख हैंड सैनिटाइजर, लगभग छह लाख पीपीई किट के साथ ही मतदाताओं के लिए सात करोड़ से अधिक दस्तानों की व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था कोरोना वायरस महामारी के कारण की गई है और मतदाता ईवीएम का बटन बदाने के दौरान एकल उपयोग वाले दस्तानों का उपयोग करेंगे।

अरोड़ा ने शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की और कहा कि 7.2 करोड़ दस्ताने, करीब सात लाख इकाई सैनिटाइजर, करीब 46 लाख मास्क, करीब छह लाख व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट तथा 7.6 लाख फेस शील्ड की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 23 लाख दस्तानों की व्यवस्था मतदान और सुरक्षा कर्मियों के लिए भी की गई है। बिहार में 7.29 करोड़ मतदाता हैं। आयोग ने अगस्त में महामारी के दौरान चुनाव कराने के लिए व्यापक दिशानिर्देश जारी किए थे।

चुनाव आयुक्त ने कहा कि साफ-सफाई के लिए मतदान केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में साबुन और पानी भी रखा जाएगा। निषिद्ध क्षेत्रों के मतदाताओं के लिए अलग से दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे। दिशानिर्देशों के अनुसार हर मतदान केंद्र के प्रवेश स्थान पर थर्मल स्कैनर लगाए जाएंगे। मतदान केंद्र पर मतदाताओं की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। दूरी के मानदंडों को ध्यान में रखते हुए आयोग ने प्रति मतदान केंद्र मतदाताओं की संख्या 1,500 से घटाकर 1,000 कर दिया है। इससे मतदान केंद्रों की संख्या में वृद्धि हुई है।

Ramanjot