गिरिराज ने संभाला ग्रामीण विकास मंत्रालय का कार्यभार, कहा- पूरी निष्ठा से निभानी चाहिए जिम्मेदारी

7/9/2021 10:29:02 AM

नई दिल्ली/पटनाः बिहार से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने गुरुवार को नए केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। इससे पहले वह मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री थे।

गिरिराज सिंह, नरेंद्र सिंह तोमर के स्थान पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री बनाए गए हैं। तोमर के पास पहले से ही कृषि मंत्रालय है। पहले की अपेक्षा अधिक महत्वपूर्ण मंत्रालय दिए जाने के बाबत पूछे जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि “जिम्मेदारी जिम्मेदारी होती है और हर किसी को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता से निभानी चाहिए।”

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को मंत्रिपरिषद का विस्तार करते हुए 36 नए सदस्यों को सरकार में शामिल किया। इससे पहले 12 मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

Content Writer

Ramanjot