गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर बोला हमला, कहा- "यह लोग वोट बैंक के लिए भारत को पाकिस्तान और बांग्लादेश बना देंगे"

Saturday, Aug 31, 2024-03:00 PM (IST)

बेगूसराय (रिपोर्टर संतोष प्रसाद):बेगूसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने असम में विधानसभा में 2 घंटे के नमाज ब्रेक पर असम सरकार को बधाई दी। वहीं तेजस्वी यादव, समाजवादी पार्टी व कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोला।

नमाज ब्रेक पर की मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की तारीफ
गिरिराज सिंह ने कहा कि “मैं असम विधानसभा के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को धन्यवाद दूंगा कि उन्होंने एक देश, एक कानून के तहत यह फैसला लिया। सोमवार से शुक्रवार तक सदन की कार्यवाही निर्बाध रूप से चले, इसके लिए उन्होंने जो किया, वह सराहनीय है।"

"वोट बैंक के लिए भारत को पाकिस्तान और बांग्लादेश बना देंगे"
गिरिराज सिंह ने तेजस्वी, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इसमें हिंदू मुसलमान का मामला नहीं है। उन्होंने कहा, यह मामला विशुद्ध रूप से एक देश, एक कानून का है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता, खासकर तेजस्वी यादव, मुस्लिम वोट बैंक के ठेकेदार बनते जा रहे हैं। अगर विपक्ष का शासन आता है, तो वे बिहार और उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को सरकारी छुट्टी घोषित कर देंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर देश में राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव की सरकार बनती है, तो ये लोग भारत को पाकिस्तान और बांग्लादेश बना देंगे।


"हिंदू धर्म के अनुयायियों की ओर से कोई विशेष छुट्टी की मांग नहीं हुई"
साथ ही गिरिराज सिंह ने हिंदू धर्म के अनुयायियों की ओर से कोई विशेष छुट्टी की मांग नहीं होने की बात कही। किसी हिंदू ने तो कभी यह नहीं कहा कि मंगलवार को हनुमान जी की, सोमवार को महादेव की, या अन्य दिनों अन्य देवी-देवताओं की पूजा होती है, तो उन्हें छुट्टी दी जाए।

"धार्मिक आधार पर कानून में बदलाव की अनुमति नहीं"
गिरिराज सिंह ने अपने बयान में एक बार फिर “एक देश, एक कानून” की नीति की वकालत की। उन्होंने कहा कि भारत में केवल एक देश और एक कानून ही लागू हो सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी राजनीतिक पार्टी या व्यक्ति को धार्मिक आधार पर कानून में बदलाव की अनुमति नहीं दी जा सकती। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static