कांग्रेस ने की गिरिराज को गिरफ्तार करने की मांग, कहा- उन्हें संवैधानिक मर्यादा का भी ज्ञान नहीं

3/8/2021 12:02:59 PM

पटनाः बिहार कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह के प्रदेश के अधिकारियों को लाठी मारने के दिए गए बयान पर आज कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि गिरिराज सिंह को संवैधानिक मर्यादा का भी ज्ञान नहीं है।

युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ललन कुमार ने कहा कि संवैधानिक पद पर रहते हुए गिरिराज सिंह ने जिस तरह का बयान दिया है उसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। संवैधानिक मर्यादा का उन्हें तनिक भी ज्ञान नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह का बयान देकर मंत्री ने केंद्र की नरेंद्र मोदी और बिहार की नीतीश सरकार को भी चुनौती देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सत्ता के नशे में चूर गिरिराज सिंह को लोकतंत्र एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था में भी विश्वास नहीं रह गया है। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने इस तरह का गैर जिम्मेदाराना बयान दिया है बल्कि कई बार संविधान की मर्यादा को तार-तार किया है।

ललन कुमार ने कहा कि बावजूद इसके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें अपने मंत्रिमंडल में बनाए हुए हैं। उनके बयान से लगता है कि राज्य में कानून का राज समाप्त हो गया है इसलिए अधिकारियों को डराया-धमकाया जा रहा है। कांग्रेस मांग करती है कि असंवैधानिक बयान देने वाले गिरिराज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static