गिरिराज ने कांग्रेस पर बोला हमला, कहा- अब पता चला कि चीन के साथ क्यों खड़े राहुल गांधी

6/26/2020 5:16:56 PM

पटनाः एक तरफ जहां भारत-चीन सीमा पर तनाव का माहौल है। वहीं इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। इसी बीच भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साथा है। उन्होंने कहा कि अब पता चला है कि राहुल गांधी चीन के साथ क्यों खड़े हैं।

गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर लिखा कि अब जब यह पता चला कि चीन राजीव गांधी फाउंडेशन को पैसा दे रहा है, तो यह स्पष्ट हो गया कि डोकलाम के दौरान राहुल गांधी चीन के साथ क्यों खड़े थे और लद्दाख मुद्दे पर पूरी कांग्रेस चीन के साथ क्यों खड़ी है। इसके साथ ही गिरिराज ने अपना एक पुराना ट्वीट रीट्वीट किया। इस ट्वीट में लिखा हुआ था कि कांग्रेस के वफादारों को मेरी सलाह... कुछ भी खंगालेंगे तो हर करप्शन के मामले में आपको अपने बॉस नजर आएंगे।

बता दें कि इससे पहले गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी आरोप लगाया है कि चीन राजीव गांधी फाउंडेशन को फंडिंग करती है इसलिए कांग्रेस नेता दुश्मन की भाषा बोलते हैं। उन्होंने दावा किया कि 2005-06 में राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन के दूतावास से 3 लाख डॉलर मिले थे।

Edited By

Ramanjot