Gaya News: मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, मौके से कई अर्धनिर्मित हथियार बरामद

11/25/2023 1:04:32 PM

गया: बिहार में गया जिले में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा पुलिस ने किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने शुक्रवार को बताया कि गत दिनों औरंगाबाद में हथियार तस्करों की गिरफ्तारी हुई थी। तस्करों की गिरफ्तारी के बाद कई खुलासे हुए थे। 

इसी क्रम में औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक को गिरफ्तार तस्करों के द्वारा बताया गया था कि उनके द्वारा गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र में भी हथियार निर्माण का धंधा किया जाता है। जिसके बाद गया पुलिस की विशेष टीम ने टिकारी थाना अंतर्गत मलैया गांव में छापेमारी की। इस दौरान वहां से मिनी गन फैक्ट्री का उछ्वेदन किया गया।

भारती ने बताया कि इस दौरान मौके से कई अर्धनिर्मित हथियारों की बरामदगी हुई है। वहीं, काफी संख्या में हथियार बनाने वाले उपकरणों की भी बरामदगी हुई है। उन्होंने बताया कि मिनी गन फैक्ट्री के संचालक को पहले ही औरंगाबाद में गिरफ्तार किया गया था, जिसका नाम संजय विश्वकर्मा है। वह टिकारी के मलैया गांव का रहने वाला है। 

Content Writer

Ramanjot