Gaya News: विजयादशमी के दिन बंगला समाज की महिलाओं ने सिंदूर खेलकर मां दुर्गा को दी विदाई

10/25/2023 10:03:48 AM

गया: बिहार के गया शहर में बंगला समाज की महिलाओं ने विजयादशमी के दिन सिंदूर खेलकर मां दुर्गा को विदाई दी। गया शहर के दुर्गाबाड़ी के प्रांगण में बंगाली समाज की महिलाओं द्वारा सिंदूर खेला का आयोजन किया गया, जिसमें समाज की महिलाएं पूरे पारंपरिक वेशभूषा में एक दूसरे को सिंदूर लगाते हुए नजर आई। इस दौरान मां दुर्गा की पूजा अर्चना भी की गई। 



इसके बाद नाच-गाकर महिलाओं ने मां दुर्गा को विदाई दी। इस मौके पर स्थानीय महिला हैप्पी चक्रवर्ती ने कहा कि नवरात्र की दशमी के दिन मां दुर्गा को विदाई दी जाती है। सिंदूर का बंगाली समाज की महिलाओं में काफी महत्व होता है, यही वजह है कि आज हम लोग सिंदूर खेलकर मां दुर्गा को विदाई दे रहे हैं। जिस तरह से बेटी अपने मायके से विदा होती है, उसी तरह से मां दुर्गा की हमलोग विदाई कर रहे हैं। एक तरफ जहां मां की विदाई का दुख है, वहीं अगले वर्ष मां दुर्गा जल्दी आए, इसकी हमें खुशी भी है। 



इसके अलावा मां दुर्गा से हमलोगों ने यह प्रार्थना की है कि विश्व में कई देश एक दूसरे से लड़ रहे हैं, जिसकी वजह से लोगों में भय का माहौल है। पूरे विश्व में शांति आए और लोगों के मन से भय का वातावरण खत्म हो, इसी उद्देश्य के साथ हमलोगों ने पूजा अर्चना की है। 

Content Writer

Ramanjot