पटना में हर घंटे खतरे के निशान से 1 सेमी बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, बाढ़ प्रभावित इलाकों में अलर्ट

8/4/2021 5:00:56 PM

 

पटनाः बिहार की राजधानी पटना में हर घंटे खतरे के निशान से 1 सेमी गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। इसी के चलते बाढ़ प्रभावित इलाकों में खतरे का अलर्ट जारी कर दिया गया है। उन लोगों को कोरोना के साथ-साथ अब बाढ़ से भी जूझना पड़ रहा है। इतना ही नहीं पटना के कई इलाकों में बाढ़ ने लोगों की दो वक्त की रोटी तक भी छीन ली है। प्रशासन के द्वारा उन्हें भोजन की व्यवस्था करवाई जा रही है।

पटना में जिला प्रशासन और जल संसाधन की टीम बाढ़ से बचाव को लेकर तैयारियों में जुटी है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के सभी अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी को अलर्ट मोड में रहने तथा प्रभावित गांव के प्रतिनिधियों से संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया है। साथ ही आवश्यक सुविधा पूरी तत्परता से उपलब्ध करवाने का भी सख्त निर्देश दिया है।

वहीं अफसरों को निर्देश दिया गया है कि वह बाढ़ प्रभावित गांवों का दौर कर हर पल की अपडेट डीएम कार्यालय को करेंगे। नदियों का जल स्तर, बाढ़ संघर्षात्मक कार्य की प्रगति, बाढ़ के पानी का फैलाव, प्रभावित गांव, प्रभावित परिवार का पूरा डाटा तैयार करना है। डीएम के आदेश पर अफसरों को दौरा चल रहा है और बाढ़ प्रभावित इलाकों की पूरी जानकारी दी जा रही है।

Content Writer

Nitika