अजब प्रेम की गजब कहानीः सात समंदर पार से बेगूसराय पहुंची फ्रांसीसी दुल्हन, हिंदू रीति रिवाज से रचाई शादी

11/23/2021 12:31:35 PM

बेगूसरायः बिहार के बेगूसराय जिले से अजब प्रेम की गजब कहानी देखने को मिली है, जहां पर एक फ्रांसीसी दुल्हन ने सात समंदर पार से चलकर हिंदू रीति रिवाज से शादी रचाई। विदेश के लोगों को भी भारतीय रीति रिवाज, सभ्यता और परंपरा से इतना प्यार है कि वह खुद को भारतीय रीति-रिवाज में ढालकर फक्र महसूस करते हैं।

दरअसल, बेगूसराय जिले के कटहरिया गांव का लड़का राकेश कुमार दिल्ली में रहकर देश के विभिन्न हिस्सों में टूरिस्ट गाइड का काम करता था। इस दौरान लगभग 6 साल पहले उसकी दोस्ती भारत घूमने आई मैरी के साथ हो गई। भारत से वापस अपने देश जाने के बाद दोनों की बातचीत प्रेम-प्रसंग में बदल गई। इसके बाद लगभग 3 साल पहले राकेश भी पेरिस चला गया और वहां मैरी के साथ मिलकर पार्टनरशिप में कपड़े का व्यवसाय शुरू कर दिया। इसी बीच दोनों का प्रेम-प्रसंग बढ़ता गया। इसकी जानकारी मैरी के परिजनों को लगी तो उन्होंने दोनों को शादी की अनुमति दे दी। दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी करने का मन बनाया।

वहीं मैरी अपने माता-पिता के साथ पैरिस से बेगूसराय आ गई, जहां पर दोनों ने भारतीय वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शादी की। बता दें कि लड़की के पिता ने हिंदी और भोजपुरी गानों पर ऐसे ठुमके लगाए कि शादी में मौजूद हर कोई शख्स हैरान रह गया।

Content Writer

Nitika