माघी स्नान के लिए जा रहे परिवार के साथ भयानक हादसा...कार के उड़े परखच्चे; SSB जवान समेत 4 की दर्दनाक मौत

Sunday, Feb 01, 2026-10:52 AM (IST)

Buxar Road Accident: बिहार में बक्सर जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह सड़क दुर्घटना में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) जवान समेत चार लोगों की मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

माघी स्नान के लिए रामरेखा घाट जा रहे थे सभी

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कार पर सवार लोग घर में हो रही शादी का न्योता देने और माघी स्नान के लिए बक्सर के रामरेखा घाट जा रहे थे।इसी दौरान चंदा गांव के समीप घने कोहरे के कारण उनकी कार पहले आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई। इससे पहले कि चालक संभल पाता, पीछे से आ रही एक दूसरी तेज रफ्तार ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

एक घायल 

सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के कृतसागर गांव निवासी एसएसबी जवान सुजीत कुमार पाण्डेय, ओमकार पाण्डेय, डुमरांव थाना क्षेत्र के नेनुआ गांव निवासी अरुण तिवारी की पत्नी गिरजा देवी तथा ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के भरखरा गांव निवासी धर्मराज ओझा की पत्नी मंजू देवी के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शवों को कार से बाहर निकालने के लिए पोकलेन (जेसीबी) मशीन मंगानी पड़ी। शवों को पोस्टमाटर्म के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। एक अन्य घायल को बेहतर इलाज के लिये बनारस भेजा गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static