बिहार में पूर्व मुखिया के पुत्र को दिनदहाड़े गोलियों से भूना, पत्नी को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था शख्स

Saturday, Apr 04, 2026-03:47 PM (IST)

बिहार डेस्क : बिहार के भोजपुर जिले में शनिवार की सुबह अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। यहां पूर्व मुखिया के पुत्र की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी। उनकी इस तरह हत्या किए जाने से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।

पत्नी को स्कूल छोड़ कर घर लौट रहा था शख्स

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र अंर्तगत बनकट गांव के समीप नहर लाइन की है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय रितेश सिंह के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक शारीरिक रूप से दिव्यांग थे। रितेश सिंह की पत्नी स्वेता सिंह बनकट स्थित उत्क्रमित विद्यालय में सरकारी शिक्षिका हैं। रोज की तरह रितेश अपनी पत्नी को स्कूटी से स्कूल छोड़कर घर वापस लौट रहे थे। तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने के कारण रितेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर आसानी से फरार होने में सफल रहे।

परिजनों में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना के विरोध में अपनी नाराजगी जाहिर की है। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस की जांच और कार्रवाई

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस आपसी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर सघन छापेमारी की जा रही है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static