मुंगेर के पूर्व विधायक रामदेव सिंह का हार्ट अटैक से निधन, राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

3/17/2022 5:13:14 PM

पटनाः 1980 से लगातार 1995 तक विधायक तथा राजद शासनकाल में सहकारिता मंत्री रहे रामदेव सिंह का गुरुवार की सुबह निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे। उनके निधन के बाद राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर है।

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि अहले सुबह हार्ट अटैक आने के बाद उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वह अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र, एक पुत्री सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। दिवंगत नेता 1980 से 1995 तक मुंगेर के विधायक रहे। 1990 से 1994 तक राज्य के सहकारिता मंत्री भी रहे। दो बार उन्होंने लोकदल एवं 1990 में जनता दल से चुनाव जीते। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने उच्च विद्यालयों के नवीनीकरण सहित शिक्षा परियोजनाओं को बढ़ावा दिया। 

वहीं रामदेव सिंह के निधन के बाद राजनीतिक से जुड़े लोगों के द्वारा संवेदना प्रकट की जा रही है। दिवंगत पूर्व मंत्री का दाह संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ कल शुक्रवार को मुंगेर गंगा घाट पे किया जाएगा।

Content Writer

Ramanjot