JDU में शामिल हुए पूर्व मंत्री मुनेश्वर चौधरी व राजेश राम, विजय चौधरी ने दिलाई पार्टी की सदस्यता

8/14/2021 10:43:55 AM

पटनाः बिहार के पूर्व खान एवं भूतत्व मंत्री मुनेश्वर चौधरी एवं विधान परिषद के निवर्तमान सदस्य राजेश राम शुक्रवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में शामिल हो गए। जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी की उपस्थिति में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में मुनेश्वर चौधरी एवं राजेश राम एवं उनके समर्थकों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई।

इस मौके पर पूर्व मंत्री मुनेश्वर चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियां बिहार में समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचा रही हैं। राज्य में विकास की योजनाएं तेजी से चल रही हैं। समाज के दबे-कुचले, गरीब, कमजोर एवं असहाय लोगों को नीतीश सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार से बेहतर नेतृत्व कोई और नहीं कर सकता है।

विधान पार्षद राजेश राम ने कहा कि बिहार को प्रगति की नई ऊंचाई पर ले जाने में हम सभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगे। आज बिहार ने जिस मुकाम को हासिल किया है वह नीतीश कुमार की ही देन है। उनके नेतृत्व में हुए कार्यों की चर्चा पूरे देश में हो रही है तथा विकास के उनके मॉडल को केंद्र सरकार भी अपना रही है।

इस अवसर पर जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान पार्षद संजय सिंह, विधान पार्षद विरेंद्र नारायण यादव, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नवीन कुमार आर्य, प्रदेश महासचिव अनिल कुमार, पूर्व विधान पार्षद डॉ. रणवीर नंदन समेत कई गणमान्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static