नीतीश कुमार सिर्फ नाम के मुख्यमंत्री, सरकार लालू यादव चला रहेः पूर्व मंत्री जनक राम

8/19/2022 3:02:45 PM

पटना (अभिषेक कुमार सिंह): बिहार के पूर्व मंत्री जनक राम ने राज्य में बनी नई सरकार एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार सिर्फ नाम के मुख्यमंत्री हैं। वो मुखौटा है और सरकार लालू यादव चला रहे हैं।

जनक राम ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर कहा कि नीतीश कुमार जिसके साथ मिलकर सरकार चला रहे हैं वो पहले नीतीश कुमार को बिकाऊ और भ्रष्टचारी बुलाते थे। उन्होंने कहा कि जनता नीतीश जी से जानना चाहती हैं की आपने क्यों एनडीए छोड़ा और महागठबंधन में शामिल हुए। जनक राम ने कहा कि एनडीए को मैंडेट जंगल राज से मुक्ति पाने के लिए मिला था, लेकिन नीतीश ने उसी जंगल राज से हाथ मिलाकर बिहार की जनता को धोखा देने का काम किया है। बिहार में जंगलराज पार्ट 3 शुरू हो गया है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि पहले एनडीए सरकार में दलित शोषित और वांछितों का विकास हो रहा था। कांग्रेस के खिलाफ में लड़कर नीतीश कुमार का उदय हुआ था और आज उसी कांग्रेस से हाथ मिलाकर सरकार चला रहे हैं। बिहार की जनता और बीजेपी नीतीश कुमार को माफ नही करेगी। जनक राम ने बिहार में नौकरी की बात पर कहा कि जब हम लोग विभाग में रिक्त पदों की बात नीतीश कुमार से करते थे तो मुख्यमंत्री झल्ला जाते थे। मुख्यमंत्री को दलित से नफरत है दलित का सामने बैठ जाना मुख्यमंत्री को नागवार गुजरता था।

Content Writer

Ramanjot