समस्तीपुर में बाढ़ की स्थिति गंभीर, नए इलाकों में फैला बागमती नदी का पानी

7/31/2020 2:40:17 PM

समस्तीपुरः बिहार में समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर प्रखंड के नए क्षेत्रों में उफनी बागमती नदी का पानी फैल जाने के कारण जिले में बाढ़ की स्थिति और भी गंभीर हो गई है।

जानकारी के अनुसार, जिले के कल्याणपुर प्रखंड के चकमेहसी के जीरो माइल तटबंध से बागमती का पानी गुरुवार को डरोरी-रतनपुर मार्ग पर करीब दो फुट तक चढ़ जाने के कारण इस पथ पर यातायात बाधित हो गया है। बाढ़ का पानी प्रखंड के रतनपुर गांव में भी प्रवेश कर गया है। लोग सुरक्षित स्थानों पर शरण ले रहे है। इधर, बागमती नदी का पानी जिले के लक्षरामपुर और मदनपुर चौर में बड़ी तेजी से फैल रहा है।

इस बीच बागमती, कोसी, कमला एवं करेह नदी में उफान से समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर, बिथान, हसनपुर एवं सिंधिया प्रखंडों के 23 पंचायतों के लगभग 60 गांव बाढ़ के पानी में घिर गए है। इन गांवों की लगभग एक लाख से अधिक की आबादी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है। अपर समाहर्ता विनय कुमार राय ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों मे राहत व बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ के साथ-साथ 200 नाव चलाई जा रही है। इसके अलावा इन बाढ़ग्रस्त इलाकों मे 10 सामुदायिक रसोई के माध्यम से बाढ़ पीड़ितों को भोजन कराया जा रहा है।

Edited By

Ramanjot