हैवानियतः पहले महिला के साथ किया गैंगरेप, फिर उसके 3 वर्षीय मासूम बेटे की कर दी हत्या

10/11/2020 4:27:11 PM

बक्सरः बिहार में बक्सर जिले में अपराधियों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। दरअसल, कुछ लोगों ने अनुसूचित जाति से आने वाली एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसकी आंखों के सामने ही उसके मासूम बेटे की हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार, मामला बक्सर के मुरार थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि एक महिला शनिवार को घर से बैंक ग्राहक सेवा केन्द्र (सीएसपी) जाने के लिए निकली थी। उसके साथ उसका तीन वर्षीय पुत्र भी था। इस बीच रास्ते में कुछ लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बच्चे के रोने पर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी महिला को सड़क के किनारे झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गए। महिला किसी तरह अपने घर पहुंची तथा परिजनों को घटना की जानकारी दी।

इस सिलसिले में परिजनों ने दो नामजद तथा पांच अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले में पुलिस ने तत्काल एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार सिंह ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Ramanjot