शादी के 5 साल बाद हुई थी संतान, पटाखे की चिंगारी से बुझ गया घर का इकलौता चिराग

11/5/2021 4:28:24 PM

पूर्णियाः बिहार के पूर्णिया जिले में दिवाली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पटाखे की चिंगारी से एक घर इकलौता चिराग बुझ गया। दरअसल, शुक्रवार सुबह पटाखे के कारण पांच घरों में आग लग गई। इस घटना में झुलसने से डेढ़ साल के बच्चे की मौत हो गई। इकलौते बच्चे की मौत के बाद परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत खुश्कीबाग की है। बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह कुछ बच्चे पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान एक पटाखा अमिर खान के घर के अंदर घुस गया, जिससे गैस सिलेंडर में आग लग गई। इसके बाद सिलेंडर में बलास्ट हो गया। देखते ही देखते आग ने पांच घरों को अपनी चपेट में ले लिया। अमिर खान के दो और सुरेन्द्र साह के तीन घर जलकर राख हो गए। घटना में मो. अमिर खान के घर में सो रहा उनका डेढ़ साल का बेटा मो. समीर झुलस गया।

पीड़ित अमीर ने बताया कि समीर घर का इकलौता चिराग था। शादी के पांच साल बाद उनके घर में बेटे ने जन्म लिया था। उधर, घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

Content Writer

Ramanjot