ब्राह्मण समुदाय के 200 से अधिक लोगों पर SC/ST एक्ट में FIR दर्ज, गांव में तनाव; जानें क्या है पूरा मामला
Thursday, Feb 05, 2026-11:29 AM (IST)
Bihar News : बिहार के दरभंगा जिले के हरिनगर गांव में मजदूरी भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर सामाजिक और कानूनी मोड़ ले चुका है। इस मामले में ब्राह्मण समुदाय के 200 से अधिक लोगों के खिलाफ SC/ST एक्ट समेत कई धाराओं में FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब तक 12 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले चुकी है और गांव में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
2.5 लाख की मजदूरी को लेकर विवाद
मामले की शुरुआत गांव के एक दलित परिवार द्वारा लगाए गए आरोप से हुई, जिसमें कहा गया कि उनके घर के निर्माण कार्य के बदले करीब ₹2.5 लाख की मजदूरी राशि का भुगतान नहीं किया गया। इसी विवाद को सुलझाने के लिए 30 जनवरी को गांव में पंचायत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। अगले दिन यानी 31 जनवरी को दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। SC/ST समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ जातिसूचक गालियां दी गईं और धमकियां भी दी गईं। इसी आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
FIR में 70 लोगों को किया नामजद
गौर करने वाली बात यह है कि 30 जनवरी को ब्राह्मण समुदाय की ओर से भी पुलिस में शिकायत दी गई थी, लेकिन आरोप है कि उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं दलित परिवार की शिकायत के आधार पर दर्ज FIR में 70 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 140 से अधिक लोगों को “अज्ञात” बताया गया है। इसके चलते गांव के बड़े हिस्से, विशेष रूप से ब्राह्मण समुदाय के लोगों के नाम FIR में शामिल हो गए।
गांव के कई लोगों ने जताई आपत्ति
विवाद तब और बढ़ गया जब यह सामने आया कि FIR में ऐसे लोगों के भी नाम दर्ज हैं जो वर्षों से गांव में रह ही नहीं रहे हैं। इसे लेकर गांव के कई लोगों ने आपत्ति जताई है और आरोप लगाया है कि बिना ठोस जांच के सामूहिक रूप से पूरे समुदाय को आरोपी बना दिया गया। पुलिस ने अब तक 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
दरभंगा पुलिस का बयान
दरभंगा पुलिस का कहना है कि मामला संवेदनशील है और सभी आरोपों की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, “SC/ST एक्ट के तहत दर्ज शिकायत गंभीर है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा, लेकिन कानून के अनुसार कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और घटना से जुड़े वीडियो फुटेज व अन्य सबूतों की भी जांच की जा रही है। प्रशासन गांव में शांति बनाए रखने के लिए लगातार गश्त कर रहा है।

