Lok Sabha Election 2024: जमुई सीट पर NDA और महागठबंधन के नवोदित प्रत्याशियों में होगी टक्कर

3/29/2024 5:21:38 PM

पटना: लोकसभा चुनाव 2024 में जमुई (सु) संसदीय सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और महागठबंधन के उम्मीदवारों के बीच चुनावी रणभूमि में टक्कर होगी। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में जमुई (सु) सीट पर राजग में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के टिकट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के पुत्र चिराग पासवान पासवान ने राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) उम्मीदवार और पूर्व सांसद भूदेव चौधरी को पराजित किया था। 

चिराग पासवान ने अपने जीजा को बनाया उम्मीदवार 
इस बार के चुनाव में राजग के घटक दल लोजपा-रामविलास से चिराग पासवान ने जमुई (सु) सीट से अपने जीजा अरुण भारती को उम्मीदवार बनाया है। चिराग पासवान ने हाजीपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। अरुण भारती कांग्रेस की पूर्व मंत्री डॉ. ज्योति के पुत्र हैं। डॉक्टर ज्योति बिहार में कांग्रेस की कद्दावर नेता रही हैं। वह बिहार में विधायक, बिहार विधान परिषद की सदस्य रहने के साथ ही बिहार सरकार में मंत्री रह चुकी हैं। अरुण भारती दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से बैचलर इन कॉमर्स हैं। इसके अलावा उन्होंने इंग्लैंड के यूनिवर्सिटी ऑफ स्ट्रेथक्लाइड यू.के से एमबीए की पढ़ाई की है। 

लोकसभा चुनाव में पहली बार किस्मत आजमा रहे दोनों प्रत्याशी 
अरुण भारती ने दिल्ली में एक बैंकर के रूप में मल्टीनेशनल कंपनी बैंक स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक में काम किया है। अरुण भारती पहली बार लोकसभा के चुनावी रण में किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, महागठबंधन में शामिल राजद ने जमुई (सु) सीट से अर्चना रविदास को उम्मीदवार बनाया है।अर्चना रविदास मुंगेर के राजद नेता मुकेश यादव की पत्नी हैं और उनका मायका जमुई क्षेत्र में है। अर्चना रविदास पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं। गौरतलब है कि बिहार की 40 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव 19 अप्रैल से 01 जून तक सात चरणों में किये जायेंगे। बिहार में प्रथम चरण की चार सीट गया (सु),औरंगाबाद, नवादा और जमुई (सु.), के लिए मतदान 19 अप्रैल 2024 को होगा। 

Content Writer

Ramanjot