बिहार में अपराधी बेलगाम, खेत की रखवाली करने गए किसान की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या
Friday, Apr 16, 2021-03:19 PM (IST)

बेगूसरायः बिहार में अपराध चरम पर है। आए दिन बेखौफ बदमाश बड़ी-बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला बेगूसराय जिले का है, जहां अपराधियों ने एक किसान की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला जिले के बखरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि बहुआरा गांव निवासी जवाहर सहनी (65) गुरुवार की रात चक्कीबाद बहियार स्थित अपने खेत की रखवाली करने गया हुआ था। इस दौरान अपराधियों ने कुल्हाड़ी से काटकर उसकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों जवाहर सहनी ने अपने खेत मे हल्दी एवं अरहर की फसल को तैयार किया था।
वहीं गुरुवार की शाम जवाहर सहनी का पुत्र कृष्ण कुमार अपने पिता को बहियार में ही खाना देकर वापस घर चला आया। जब शुक्रवार सुबह वह बहियार में अपने खेत पर पहुंचा तो पिता को खून से लथपथ अवस्था में मिट्टी पर पड़े देखा। सूत्रों ने बताया कि हत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।