मधुबनी में 13 लाख रुपए के जाली नोट बरामद, एक व्यक्ति गिरफ्तार

1/20/2022 11:25:30 AM

मधुबनीः बिहार के मधुबनी जिले में भैरव स्थान थाना क्षेत्र से पुलिस ने लगभग 13 लाख रुपए के जाली नोट बरामद किए हैं और इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. सत्यप्रकाश ने बुधवार को बताया कि भैरव स्थान इलाके में जाली नोट प्रिंट किए जाने की गुप्त सूचना के आधार पर झंझारपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आशीष आनंद के नेतृत्व में पुलिस के एक दल ने छापेमारी की और एक व्यक्ति के पास से 2000, 500, 200 और 100 रुपए के जाली नोट बरामद किए। इस व्यक्ति के पास से कुल 13,00,100 रुपए के जाली नोट बरामद बरामद किए गए।

डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ के आधार पर प्रिंटर और नोट को रंगने के लिए इस्तेमाल होने वाला रंग जब्त कर लिया गया। इस मामले में गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का नाम प्रेम कुमार कामत है जो मधुबनी जिले के लौकही थाना अंतर्गत अटरी गांव का निवासी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छापेमारी दल में शामिल सभी पुलिस अधिकारी और कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

Content Writer

Ramanjot