किशनगंज में फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 4 लोग गिरफ्तार

7/24/2021 10:33:01 AM

किशनगंजः बिहार में किशनगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र से पुलिस ने शुक्रवार की शाम फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इसके साथ ही चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अनुमंडल अधिकारी शहनवाज अहमद नियाजी ने बताया कि नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार को सूचना मिली थी कि मुंगेर जिले के खड़गपुर की एक आईडी का उपयोग कर जिला परिषद के बाजार में एक कंप्यूटर दुकान में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाया जाता है। सूचना मिलते ही एक टीम गठित की गई। उन्होंने बताया कि इस गिरोह का खुलासा तब हुआ जब नगर परिषद में कार्यरत एक कर्मचारी संजय सिन्हा के बच्चे का भी गिरोह ने आठ सौ रुपए लेकर जन्म प्रमाण पत्र बना दिया। छापेमारी के क्रम में कंप्यूटर की दुकान से कई दस्तावेज, मुहर, स्टाम्प एवं हार्ड डिस्क बरामद किए गए है। साथ ही कई लोगों का बना हुआ फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी बरामद किया गया है।

नियाजी ने बताया कि मौके से कंप्यूटर दुकान के मालिक रोलबाग निवासी मुकेश कुमार साह, उसके भाई राकेश कुमार साह एवं जुनैद आलम को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर एक और युवक की गिरफ्तारी की सूचना है। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि कई वर्षों से यह काम किया जा रहा है। यहां से बने जाली प्रमाण पत्र पर कई लोग सरकारी नौकरी भी कर रहे हैं। गिरफ्तार चारों जालसाज को थाने को सौंप दिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

Content Writer

Ramanjot