डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर राज्यपाल फागू चौहान एवं CM नीतीश ने अर्पित की श्रद्धांजलि

12/3/2021 5:41:36 PM

पटनाः बिहार के राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद को उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया।



देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 137वीं जयंती के अवसर पर राजेन्द्र चौक स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर आयोजित राजकीय समारोह में राज्यपाल फागू चौहान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने देशरत्न के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। माल्यार्पण के बाद राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने स्वदेशी कंबल आश्रम की चरखा कात रही महिलाओं के बीच साड़ी वितरण कर उन्हें प्रोत्साहित भी किया। फागू चौहान एवं नीतीश कुमार ने राजेन्द्र चैक से राजेन्द्र घाट पहुंचकर देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की समाधि स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।



इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री रामप्रीत पासवान, खान एवं भूतत्व मंत्री जनक राम, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, विधायक अरुण कुमार सिन्हा एवं संजीव चैरसिया, विधान पार्षद कुमुद वर्मा, राज्य नागरिक परिषद के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद को नमन कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, पटन के प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल, पटना के जिलाधिकारी चन्द्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र शर्मा सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Content Writer

Ramanjot