निलंबित मोटरयान निरीक्षक के ठिकानों पर EOU की छापेमारी, कई अहम दस्तावेज बरामद

9/9/2021 10:29:28 AM

पटनाः बिहार आर्थिक अपराध इकाई की विशेष टीम ने अवैध बालू उत्खनन एवं गैर कानूनी व्यापार में संलिप्त व्यक्तियों के ठिकानों पर तलाशी के क्रम में बुधवार को भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के तत्कालीन मोटरयान निरीक्षक विनोद कुमार के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए।

ईओयू मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक विनोद कुमार के पटना के रूपसपुर स्थित फ्लैट, आरा तथा बक्सर स्थित ठिकानों की तलाशी ली जा रही है। जानकारी के अनुसार तलाशी में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं जिसके संबंध में आगे विश्लेषण करते हुए अन्वेषण किया जाएगा। अग्रतर अनुसंधान में विनोद कुमार द्वारा अर्जित अन्य परिसम्पतियों की भी जानकारी प्राप्त होने की संभावना है। विनोद कुमार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई थाने में दर्ज मामले के अनुसंधान के क्रम में उनके लोक सेवक अवधि में बांका, भोजपुर, सारण एवं अरवल जिले का अतिरिक्त प्रभार में मोटरयान निरीक्षक के पद पर कार्य करते हुए अपने एवं अपनी पत्नी के नाम से अकूत परिसम्पत्तियां अर्जित किए जाने के साक्ष्य पाए गए थे।

विनोद कुमार द्वारा पटना के रूपसपुर स्थित फ्लैट एवं आरा स्थित मकान तथा बक्सर नवानगर में कई भूखंडों का क्रय किए जाने के साक्ष्य पाए गए थे। विदित हो कि विनोद कुमार को वर्ष 2016 में पदस्थापन के क्रम में रिश्वत लेने के क्रम में निगरानी विभाग द्वारा 44,000 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। इस संबंध में दर्ज निगरानी थाने में मामला दर्ज करके अनुसंधानोपरांत विनोद कुमार एवं उनके चालक सत्य प्रकाश राय के विरूद्ध निगरानी की विशेष अदालत में आरोपपत्र समर्पित किया गया था।

Content Writer

Ramanjot