नशे में धुत बस चालक ने बाइक सवार युवकों को कुचला, आक्रोशित लोगों ने बस में की तोड़फोड़, ड्राइवर गिरफ्तार

12/13/2023 11:29:55 AM

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां पर एक अनियंत्रित बस ने बाइक सवार 2 युवकों को रौंद दिया। इसमें दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, घटना से आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ और सड़क जामकर जमकर हंगामा किया।

दोनों की हालत गंभीर
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के अहियापुर थाना इलाके का है। घायलों की पहचान आयुष कुमार और विश्वजीत कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आयुष अपने दोस्त गोलू के साथ पुलिस लाइन जा रहा था। इसी बीच अहियापुर थाना क्षेत्र के दादर पुल के पास नशे में धुत एक बस चालक ने बाइक सवार दोनों युवकों को कुचल दिया। इसमें दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवकों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
वहीं, इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जामकर जमकर हंगामा किया। बस में तोड़फोड़ की। साथ ही नशे में धराए बस चालक की जमकर पिटाई भी की। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर सड़क जाम समाप्त करवाया और चालक को नशे की हालात में गिरफ्तार किया। साथ ही बस को भी जप्त कर लिया है। इसके अतिरिक्त पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Content Editor

Swati Sharma