पटना में जलजमाव की समस्या हुई कम, नगर निगम की त्वरित कार्यशैली से न्यूनतम समय में हो रही जलनिकासी

7/23/2022 2:31:23 PM

पटनाः मानसून के दौरान प्रतिदिन पटना के इलाकों में बरसात हो रही है लेकिन पटना नगर निगम की त्वरित कार्यवाही एवं अलर्ट मोड में पदाधिकारियों के रहने के कारण इलाकों में जलजमाव की समस्या नहीं हो रही है। शुक्रवार को भी पटना के विभिन्न इलाकों में हुई बरसात के बाद न्यूनतम समय में जल निकासी कर ली गई है।



दरअसल, राजेंद्र नगर, मीठापुर, करबिगहिया, द्वारिकापुरी, बाईपास, दीघा, पाटलिपुत्र कॉलोनी, गांधी मैदान सहित कई निचले इलाकों में भी एक से दो घंटों के अंतराल में जल निकासी कर दी जा रही है। गौरतलब है कि पटना नगर निगम क्षेत्र में अब तक 140.2 एमएम की बारिश (29 से 30 जून) के दौरान भी आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दिया गया है। पटना नगर निगम का कहना है कि अधिकांश इलाकों में बरसात के 2 घंटे के अंदर जलनिकासी पूर्ण हो जा रही है, लेकिन यह देखा जा रहा है कि कई समाचार पत्रों में झूठी एवं भ्रामक तस्वीरों का उपयोग कर गलत संदेश फैलाया जा रहा है। इलाकों में जलजमाव ना होने के बाद भी उसे जलमग्न दिखाया जा रहा है यह पूरी तरह से गलत है। नगर निगम ने अपील की है कि समाचार पत्रों में वास्तविक स्थिति को दर्शाया जाए।



24 घंटे एक्टिव है क्यूआरटी
बरसात के बाद किसी इलाके में जलजमाव की समस्या होने पर क्यूआरटी द्वारा 1 घंटे में स्थिति को बेहतर बनाया जा रहा है। ऐसे में आमजनों से भी अपील की जा रही है कि अगर उनके इलाके में कोई भी समस्या है तो वह 155304 पर अपनी शिकायत दर्ज करें। पटना नगर निगम द्वारा उनकी समस्या को कुछ घंटों में ही दूर किया जाएगा। हेल्पलाइन एवं क्यूआरटी 24 घंटे एक्टिव है।



संप हाउस पर लगातार रखी जा रही है नजर
पटना नगर निगम द्वारा शहर के सभी संप हाउस पर तीनों पालियों में कर्मियों की तैनाती की गई है इसके साथ ही सीसीटीवी के माध्यम से लगातार वाटर लेवल के इनलेट एवं आउटलेट की निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही पटना नगर निगम के सभी अंचलों में मशीनों द्वारा जलनिकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध करवाई गई है। जलजमाव से निपटने के लिए पटना नगर निगम के पास पर्याप्त इंतजाम है।

Content Writer

Ramanjot