OMG...डॉक्टर्स ने एक दिन के मासूम का किया ऑपरेशन, 8 इंच का चीरा लगाकर तैयार की बड़ी आंत

12/29/2022 12:17:51 PM

पटनाः बिहार की राजधानी में डॉक्टर्स ने एक दिन के नवजात को नया जीवन दिया है। बच्चे के जन्म के साथ ही उसकी बड़ी आंत अधूरी थी। इतना ही नहीं बच्चे के दिल में भी छेद था। वहीं ऐसे में मासूम की जान बचाना डॉक्टरों के लिए भी बड़ी चुनौती थी, लेकिन डॉक्टरों ने 8 इंच का चीरा लगाकर महज ढाई घंटे में ही नवजात की बड़ी आंत तैयार कर दी।

डिलीवरी के कुछ देर बाद बच्चे का पेट लगा था फूलने
जानकारी के मुताबिक, पटना जिले के दुजरा देवी स्थान के रहने वाले अजय कुमार व कविता कुमारी ने बताया कि पटना के एक हॉस्पिटल में डिलीवरी हुई। डिलीवरी के कुछ ही देर बाद बच्चे का पेट फूलने लगा। जांच के बाद डॉक्टरों ने कहा कि बच्चे की बड़ी आंत अधूरी है और मां के पेट में बड़ी आंत बन ही नहीं पाई। इसके साथ ही हार्ट में भी सुराख है। इसके बाद बच्चे को कंकड़बाग के मेडिमैक्स हॉस्पिटल लाया गया। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चा सिजेरियन हुआ था। ऐसे में रिस्क लेकर डॉक्टरों ने बच्चे की सर्जरी करने का निर्णय लिया। 

नवजात का ऑपरेशन करना काफी मुश्किल थाः डॉ संजीव
वहीं डॉ संजीव ने बताया कि एनोरेक्टल मॉल फारमेशन बीमारी 20 हजार में से एक बच्चे काे होती है। इसमें एनल एट्रेसिया नहीं बना होता है। इसे सर्जरी कर बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि नवजात को 8 इंच का चीरा पीठ की तरफ लगाया गया और फिर आंत को जोड़ा गया। आंत को मोबिलाइज करने में काफी समय लग गया, इसके बाद सर्जरी पूरी की गई। साथ ही कहा कि ऑपरेशन से डिलीवरी के कारण बच्चे की मां दूसरे हॉस्पिटल में थी। हार्ट में छेद के साथ एक दिन के नवजात का ऑपरेशन करना काफी मुश्किल था।

बच्चा पूरी तरह स्वस्थ्य हैः डॉक्टर 
बता दें कि डॉक्टरों का कहना है कि पहले हालत देखकर लगा था कि 3 स्टेज में सर्जरी करनी होगी, लेकिन एक ही बार में ऑपरेशन पूरी तरह से सफल हो गया। साथ ही कहा कि अब बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ्य है।

Content Editor

Swati Sharma