आपदा प्रबंधन विभाग ने 9 जिलों के DM को लिखा पत्र, बाढ़ को लेकर सतर्क रहने के दिए निर्देश

7/20/2020 5:16:38 PM

 

पटनाः बिहार में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। इसी के चलते आपदा प्रबंधन विभाग के द्वारा राज्य के 9 जिलों में बाढ़ का हाई अलर्ट जारी किया गया है। वहीं इन जिलों के जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बिहार आपदा प्रबंधन विभाग ने दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, खगड़िया, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, शिवहर और बेगूसराय के जिलाधिकारियों को पत्र लिखा है। साथ ही 18 से 22 जुलाई तक मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाने को कहा है।

बता दें कि मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य में अब तक सामान्य से लगभग 36 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है। इसके कारण बिहार की कई नदियां उफान पर हैं। इतना ही नहीं कई गांवों में बाढ़ का पानी भी घुस गया है।

Nitika