दरभंगा एयरपोर्ट से जुड़ने जा रही एक और उपलब्धि, रांची के लिए शुरू होगी डायरेक्ट विमान सेवा

4/9/2021 3:49:10 PM

दरभंगाः केंद्र की उड़ान योजना के तहत 08 नवंबर 2020 को दरभंगा से विमान सेवा की शुरुआत हुई। इसके बाद दरभंगा एयरपोर्ट लगातार नई-नई उपलब्धियां हासिल करता जा रहा है। वहीं अब इसके साथ एक और उपलब्धि जुड़ने वाली है, जिससे मिथिलावासियों का सीधा जुड़ाव रांची से हो सकेगा। दरअसल, दरभंगा से झारखंड की राजधानी रांची के लिए सीधी उड़ान शुरू होने जा रही है।

दरभंगा एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू होने के बाद सबसे पहले तीन शहरों को जोड़ा गया। वहीं जब यात्रियों में भारी उत्साह देखा गया तो स्पाइसजेट कंपनी ने कई नए शहरों को जोड़ना शुरू किया। इसी बीच दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के बाद अहमदाबाद, पुणे, हैदराबाद व कोलकाता को भी जोड़ा गया। वहीं अब झारखंड की राजधानी रांची को जोड़ने का काम चल रहा है। बताया जा रहा है कि इसकी प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

वहीं आधिकारिक घोषणा होने के बाद ही पता चल पाएगा कि दरभंगा से रांची के इस इस रूट पर कौन सी कंपनी उड़ान आरंभ करने जा रही है। बता दें कि 28 मार्च से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के रनवे की तीसरी लेयर की रिकारपेटिंग का काम शुरू किया गया है, जो कि 27 अप्रैल तक पूरा होने की उम्मीद है।

Content Writer

Ramanjot