क्या इस वजह से छिन गई सुशील मोदी की डिप्टी CM की कुर्सी?

11/16/2020 6:07:44 PM

पटनाः बिहार में सुशील मोदी की जगह डिप्टी सीएम का पद इस बार दो लोगों को सौंपा गया है। दरअसल, नई सरकार में तारकिशोर यादव और रेनू देवी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। इससे ये तो साफ हो गया है कि सुशील मोदी बिहार की राजनीति से अलग कर दिए गए हैं। वहीं भाजपा के इस फैसले को लेकर चर्चा जोरों पर हैं और इसके कई कारण बताए जा रहे हैं। इसी तरह अब इस फैसले को सुशील मोदी के उस बयान से जोड़कर देखा जा रहा है जो उन्होंने वर्ष 2012 में दिया था। तब उन्होंने नीतीश कुमार को पीएम मटीरियल बताया था।

दरअसल, तीन सितंबर 2012 को एक अखबार को दिए इंटरव्यू में सुशील मोदी ने कहा था कि नीतीश कुमार वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में एक अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने एक तरह से नीतीश को नरेंद्र मोदी से बेहतर बताते हुए कहा था कि नीतीश में एक बेहतर प्रधानमंत्री बनने की सभी खूबियां हैं। राजनीतिक जानकार बताते हैं कि तब भाजपा के कई नेताओं ने इसे पार्टी विरुद्ध बयानबाजी बताया था। सियासी हलकों में यह चर्चा आम थी कि सुशील मोदी ने बिहार में भाजपा को नीतीश कुमार का पिछलग्गू बना दिया था और जदयू नेतांओं से ज्यादा सुशील मोदी नीतीश कुमार की हिफाजत करते हैं।

बता दें कि सुशील मोदी ने उस समय नीतीश कुमार को पीएम मटीरियल बताया था, जब भाजपा नेता गिरिराज सिंह और अश्विनी चौबे वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के लिए लगातार गुजरात के सीएम नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने के पक्ष में माहौल बना रहे थे।

Ramanjot