केंद्र सरकार की तानाशाही को व्यापक एकता और आंदोलन से किया जा सकता है खत्म: भाकपा-माले

7/5/2023 4:37:38 PM

दरभंगाः भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा-माले) ने केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर तीखा हमला करते हुए आज कहा कि मोदी सरकार की तानाशाही को एक व्यापक जन आंदोलन के जरिए ही खत्म किया जा सकता है। पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य सह मिथिलाचंल प्रभारी धीरेन्द्र झा ने मंगलवार को भाकपा(माले) जिला स्थायी समिति की जिला सचिव बैद्यनाथ यादव की अध्यक्षता में आयोजित भाजपा हटाओ-देश बचाओ अभियान की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा आज संवैधानिक संस्थाओं से लेकर जीवन के हर क्षेत्र पर नियंत्रण कायम कर लिया है।

लोकतंत्र-संविधान-देश का संघीय ढांचा सबकुछ खतरे में है। देश को बचाने के ऐसे निर्णायक मोड़ पर पटना में विपक्षी दलों की बैठक बेहद महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि देश में मोदी की तानाशाही को एक व्यापक जन आंदोलन के जरिए ही खत्म किया जा सकता है। हमें आने वाले चुनाव को भी एक व्यापक जनांदोलन में तब्दील कर देना है। मोदी हटाओ अभियान को एक आंदोलनात्मक रूप देना है। वहीं, जिला सचिव बैधनाथ यादव ने कहा कि भाकपा(माले) द्वारा गांव - गांव में भाजपा हटाओ-देश बचाओ अभियान चलाया जा रहा है। पंचायतो में बैठक आयोजित की जा रही है। भाजपा के खिलाफ व्यापक आक्रोश जनता के भीतर दिख रहा है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 15 जुलाई को भाजपा हटाओ-देश बचाओ विराट कार्यकर्ता कन्वेंशन का आयोजन किया गया है। जहां से लोकसभा चुनाव की तैयारी पर विस्तारीत कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार किया जाएगा। चुनाव नजदीक आते ही भाजपा ने हिन्दू और मुस्लिम ध्रुवीकरण की राजनीति शुरू कर दी है। जगह-जगह उन्माद-उत्पातका खेल जारी है। वहीं, आर के सहनी ने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार है लेकिन आज भी प्रशासन भाजपा के इशारे पर ही काम कर रही है। जगह-जगह गरीबों को उजाड़ा जा रहा है। जबकि सरकार का घोषणा है कि बिना बसाये गरीबों को नहीं उजाड़ा जाएगा। लेकिन धड़ल्ले से गरीबो को उजाड़ा जा रहा है। जिसके खिलाफ 11 जुलाई को खेग्रामस के राज्यव्यापी आवाहन पर अनुमंडल मुख्यालय पर प्रतिवाद मार्च एवं सभा का आयोजन किया जाएगा। बैठक में वरिष्ठ नेता अभिषेक कुमार, नंदलाल ठाकुर, अशोक पासवान, विनोद सिंह, पप्पू पासवान, ललन पासवान, अली मोहमद, शौकत अली, प्रिंस राज भी शामिल थे।

Content Writer

Diksha kanojia