कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने विभिन्न नदियों में लगाई आस्था की डुबकी

11/19/2021 2:04:51 PM

 

पटनाः कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बिहार में श्रद्धालुओं ने आज गंगा-गंडक के संगम सहित विभिन्न नदियों और सरोवरों में आस्था की डुबकी लगाई। हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व माना जाता है।

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को कार्तिक पूर्णिमा कहते हैं। इस दिन पवित्र नदी में स्नान कर के दीपदान एवं दान करने का खास महत्व होता है। इस दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का अंत किया था। इसी कारण से इसे त्रिपुरी पूर्णिमा भी कहते हैं, जिसकी खुशी में देवताओं ने हजारों दीप जलाकर दीवाली मनाई थी, जो आज भी देव दिवाली के रूप में मनाई जाती है। साथ ही सिखों के लिए भी ये दिन खास होता है क्योंकि इस दिन गुरु नानक जयंती होती है।इस दिन को दामोदर के नाम से भी जाना जाता है। यह भगवान विष्णु का ही एक नाम है। कार्तिक पूर्णिमा का दिन काफी पवित्र और शुभ माना जाता है। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने से पुण्य फल की प्राप्ति होती है।

राजधानी पटना में सुबह से ही गंगा घाटों पर लोगों की भीड़ देखी गई। पटना में देर रात से ही ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया, जो अभी तक जारी है। सुबह होते ही श्रद्धालु ‘हर-हर गंगे, जय गंगा मैया, हर हर महादेव' के जयकारे के साथ गंगा में डुबकी लगाने लगे। स्नान के बाद लोगों ने विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना की और दान किया। मंदिरों में भी अन्य दिनों की अपेक्षा पूजा-अर्चना करने वालों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है।


 

Content Writer

Nitika