10 अप्रैल तक बिहार के नए मुख्यमंत्री पर होगा फैसला, मनोज तिवारी के इस बयान से गरमाई सियासत

Wednesday, Apr 01, 2026-11:16 AM (IST)

Bihar News: बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चा तेज हो गई है। बीजेपी नेता मनोज तिवारी के एक बयान के बाद सियासी माहौल और गरमा गया है। उन्होंने संकेत दिया है कि 10 अप्रैल तक राज्य के अगले मुख्यमंत्री को लेकर स्थिति साफ हो सकती है।

10 अप्रैल तक बिहार के नए मुख्यमंत्री पर होगा फैसला
रोहतास के डेहरी में एक कार्यक्रम के दौरान मनोज तिवारी ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि 10 अप्रैल तक यह स्पष्ट हो जाएगा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए उन्हें अपना नेता बताया। उन्होंने कहा कि जब बिहार की स्थिति बहुत कठिन थी, तब नीतीश कुमार ने अपने अनुभव और समझ से राज्य को संभाला और सही दिशा दी। आज बिहार की जो बेहतर छवि है, उसमें उनका बड़ा योगदान है।

"जो पार्टियां खुद परिवारवाद की राजनीति करती रही हैं, वही..."
उम्र को लेकर उठ रहे सवालों पर तिवारी ने कहा कि किसी नेता की पहचान उसकी क्षमता और अनुभव से होती है, न कि उम्र से। उनके अनुसार, नीतीश कुमार आज भी पूरी ताकत और ऊर्जा के साथ काम कर रहे हैं। विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे परिवारवाद के आरोपों पर उन्होंने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो पार्टियां खुद परिवारवाद की राजनीति करती रही हैं, वही अब इस मुद्दे पर सवाल उठा रही हैं। तिवारी ने इसे जनता को गुमराह करने की कोशिश और ‘मक्कारी’ बताया।

डेहरी में दिए गए इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है। अब सबकी नजर 10 अप्रैल पर है, जब मुख्यमंत्री पद को लेकर स्थिति साफ होने की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static