बिहार में बाढ़ से मरने वालों की संख्या हुई 19, राज्य के 63 लाख से अधिक लोग प्रभावित

8/5/2020 11:13:47 AM

पटनाः बिहार में मंगलवार को बाढ़ से मरने वालों की संख्या 19 पहुंच गई। साथ ही प्रदेश के 16 जिलों के 63,60,424 लोग प्रभावित हो चुके हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, बिहार में अबतक बाढ़ के कारण कुल 19 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें से दरभंगा जिले में सबसे अधिक सात लोगों, मुजफ्फरपुर में छह, पश्चिम चंपारण में चार और सिवान में दो लोगों की जान चली गई। वहीं राज्य के 16 जिलों सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, खगड़िया, सारण, समस्तीपुर, सिवान, मधुबनी, मधेपुरा एवं सहरसा जिले के 120 प्रखंडों के 1152 पंचायतों की 63,60,424 आबादी बाढ़ से प्रभावित है।

बाढ़ के कारण विस्थापित हुए लोगों को भोजन कराने के लिए 1,365 सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गई है। दरभंगा जिले में सबसे अधिक 15 प्रखंडों के 199 पंचायतों के 18,61,960 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ प्रभावित जिलों में बचाव और राहत कार्य के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 33 टीमें तैनात की गई हैं।

इन जिलों में बाढ़ का कारण अधवारा समूह नदी, लखनदेई, रातो, मरहा, मनुसमारा, बागमती, अधवारा समूह, कमला बलान, गंडक, बूढ़ी गंडक, कदाने, नून, वाया, सिकरहना, लालबेकिया, तिलावे, धनौती, मसान, कोसी, गंगा, कमला बलान, करेह एवं धौंस नदी के जलस्तर का बढ़ना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Ramanjot

Recommended News

Related News

static